दिल्ली में हुए लड़की के अपहरण वायरल वीडियो की ये है सच्चाई, पुलिस ने तीनों को बताया दोस्त!

राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से हाल ही में एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में दो लड़के एक लड़की को बीच सड़क पर पीटने के बाद उसे जबरन कैब में बिठाते नजर आ रहे हैं। मंगोलपुर इलाके के 17 सेकेंड के इस वीडियो ने पूरी दिल्ली में सनसनी मचा दी थी। इस मामले में अब नया मोड़ सामने आया हैं, इस पूरे मामले में लड़की ने खुद के साथ हुई जबरदस्ती की बात से साफ़ इंकार कर दिया है। उसका कहना है कि वीडियो में दिख रहे दोनों लड़के उसके दोस्त हैं। वहीं इस मामले पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने तुरंत संज्ञान लिया, साथ ही पुलिस ने भी काफी जल्दी इस मामले में एक्शन लिया। हालांकि इस पूरे मामले में लड़की के बयान ने सभी को हैरान कर दिया है।

क्या है वायरल वीडियो

शनिवार रात वायरल हुए इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया और इस वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल से शेयर भी किया था। इस वीडियो को शेयर करते हुए स्वाति मालीवाल ने कैप्शन में लिखा कि, महिला को जबरन कार में बिठाकर पीटने के इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए वह दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हैं। स्वाति मालीवाल ने आगे लिखा कि, आयोग इन लोगों (वीडियो में दिख रहे लड़के) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। वहीं इस वीडियो को पुलिस संज्ञान में लेते हुए तुरंत ही मंगोलपुरी थाने में किडनैपिंग का मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन अब इस मामले में नया मोड़ सामने आ गया है।

और पढ़े: Delhi: Viral Video Of Man Forcefully Pushing Woman Inside Cab Under Investigation. The Audacity This Man Has!

डिप्टी कमिश्नर पुलिस हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, घटना के संबंध में उन्हें एक पीसीआर कॉल शनिवार रात करीब 10 बजे आई और फोन करने वाले ने बताया कि दो लोग एक महिला की पिटाई कर रहे थे और उसे जबरन कार में बिठा रहे थे। कॉल करने वाले ने गाड़ी चलाने वाले का रजिस्ट्रेशन नंबर भी बताया। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया कि गाड़ी नंबर को जब ट्रेस किया गया तो यह गाड़ी उबर की थी। इसके बाद पुलिस ने उबर चला रहे ड्राइवर का पता किया और फिर ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि रोहिणी से विकासपुरी के लिए दो लड़कों और एक लड़की के द्वारा उबर बुक किया गया था। रास्ते में उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद लड़की कैब से उतर जाती है। पुलिस ने यह भी दावा किया कि दोनों लड़कों से कहासुनी के बाद लड़की कैब से उतर गई, जिसके बाद दोनों लड़कों ने उसे वापस जबरदस्ती कार में बिठा लिया।

लड़की ने बताया दोस्त

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब उन्होंने वीडियो में दिख रही लड़की और दो लड़कों से पूछताछ की तो पता चला कि तीनों दोस्त हैं और रोहिणी सेक्टर 35 के रहने वाले हैं। लड़की प्राइवेट जॉब करती है, दोनों लड़कों की आटे की चक्की है। शनिवार को उनके बीच किसी पुरानी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसकी वजह लड़की कैब से उतर गई थी। वहीं बाद में लड़की ने इस बात से इनकार किया कि उसके साथ जबरदस्ती की जा रही थी और कहा कि कुछ पर्सनल बातों को लेकर उनके बीच बहस हुई थी। इस मामले में डिप्टी कमिश्नर पुलिस हरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि इस मामले में लड़की का बयान धारा 164 तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया जायेगा। अभी तक किडनैपिंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। एनजीओ की कॉउंसलर के सामने लड़की की स्टेटमेंट लिए जा रहे हैं।

और पढ़े: DCW चीफ स्वाति मालीवाल का बड़ा खुलासा, कहा ‘बचपन में पिता ने किया था यौन उत्पीड़न’!

गौतरलब है कि, राजधानी दिल्ली में बढ़ते अपराध को देखते हुए पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई की है वह वाकई काबिले तारीफ है। लेकिन दिल्ली जैसे शहर में लड़कियों और महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों की वजह से किसी पर भी पूरी तरह से विशवास न किया जाये यही बेहतर है। महिलाओं के सुरक्षा की बात सबसे ज्यादा जरुरी है। ऐसे में महिलाओं को अपनी सुरक्षा को लेकर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। हालांकि पुलिस इस मामले में जांच में जुटी हुई है।