Women’s Day 2023: ‘मैरी कॉम’ और ‘राजी’ जैसी इन फिल्मों में महिलाओं के किरादरों ने छुआ हैं दिल, देखें लिस्ट!

हमारे सिनेमाघरों में आजकल महिला लीड रोल वाली फिल्में बन रही हैं और ये फिल्में दर्शकों को खूब पसंद भी आ रही हैं। एक समय हुआ करता था जब फिल्मों में पुरुष लीड रोल में नजर आते थे, लेकिन आज बदलते समय को देखते हुए फिल्मों में भी बदलाव नजर आ रहा है। जहां एक औरत को शांत, सुन्दर और संस्कारी होने के साथ सबका ख्याल रखने वाली महिला के किरदार में देखा जाता रहा है, वहीं अब यही महिलाएं एक्शन अवतार में भी दिखाई दे रही हैं। महिला दिवस (International Women’s Day 2023) के मौके पर आज हम बात करेंगे उन 10 फिल्मों की जिनमें महिलाओं के किरदारों और उनकी सच्ची कहानियों को खूब सराहना मिली है।

1. गंगूबाई काठियावाड़ी

एक्ट्रेस आलिया भट्ट की फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ करीब सभी लोगों ने देखी होगी। इस फिल्म में आलिया भट्ट ने किस्मत के उलटफेर और प्यार में धोखे में फंसी गंगा की कहानी को पर्दे पर उतारा है। इस फिल्म के जरिए दिखाया गया है कि एक महिला प्यार में धोखा खाती और फिर रेड लाइट एरिया यानी वेश्याओं के कोठे पर पहुंच जाती है, और यहीं से फिल्म की कहानी शुरू होती है। इस फिल्म में वेश्या महिलाओं और लड़कियों की हक की लड़ाई गंगा कैसे लड़ती हैं इसे बड़ी खूबसूरती से दिखाया गया है। फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में आलिया भट्ट के किरदार को खूब सराहना मिली है।

2. मैरी कॉम

बॉक्सर मैरी कॉम पर आधारित इस फिल्म में देसी गर्ल यानी प्रियंका चोपड़ा लीड रोल निभाती नजर आई थीं। इस फिल्म के जरिए मैरी कॉम के स्थानीय जिम में प्रैक्टिस करने से लेकर नेशनल चैम्पियन बनने तक के सफर को प्रियंका ने शानदार ढंग से निभाया है। महिलाओं का हौसला बढ़ाने वाली इस फिल्म के लिए प्रियंका को काफी सराहना भी मिली थी।

और पढ़े: Women’s Day 2023 Theme Strives To Empower Women Digitally, Promote Gender Equality In Technology

3. इंग्लिश विंग्लिश

एक गृहिणी अपना पूरा जीवन जिम्मेदारियों और घर के कामों में गवा देती है। लेकिन अगर एक महिला चाहे तो ये सब बदल सकती है, ऐसा ही कुछ एक मेहनती हाउसवाइफ रही शशि गोडबोले ने किया था। ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में शशि गोडबोले का किरदार एक्ट्रेस श्री देवी ने निभाया। इस फिल्म में श्री देवी लीड रोल में नजर आई हैं। शशि को इंग्लिश बोलनी नहीं आती थी, ऐसे में कैसे उन्होंने सब कुछ मैनेज किया वह इस फिल्म में दिखाया गया है।

4. नीरजा

हमारे देश में बहादुर महिलाओं की बात होती है तो एयर होस्टेस नीरजा भनोट का नाम भी जहन में आता है। नीरजा ने फ्लाइट हाईजैक होने के बाद प्लेन में बैठे कम से कम 359 यात्रियों की जान बचाई थी, हालांकि इस दौरान वो अपनी जान नहीं बचा पाई। नीरजा की इस बहादुरी पर आधारित फिल्म ‘नीरजा’ बनाई गई। इस फिल्म में मुख्य भूमिका एक्ट्रेस सोनम कपूर ने निभाई है।

और पढ़े: Women’s Day 2023 Theme Strives To Empower Women Digitally, Promote Gender Equality In Technology

5. राज़ी

दुश्मनों के नाक में दम करने के मामले में महिलाएं किसी पुरुष से कम नहीं हैं। ऐसी ही एक फिल्म थी ‘राजी’, इस फिल्म में आलिया भट्ट मेन लीड में नजर आई थीं। फिल्म ‘राज़ी’ हरिंदर सिक्का के उपन्यास ‘कॉलिंग सहमत’ की सच्ची कहानी पर आधारित है। इस फिल्म में आलिया भट्ट ‘सहमत खान सईद’ के रोल में नजर आ रही हैं, जो अपने पिता के कहने पर एक पाकिस्तानी मिलिट्री ऑफिसर्स के परिवार में शादी करती है, ताकि पड़ोसी देश से कुछ जरूरी खबरें भारत को मिल सके। सच्ची देशभक्ति पर आधारित इस फिल्म में आलिया भट्ट के किरदार को खूब सरहना मिली थी।

6. सांड की आंख

शूटर दादी के नाम से मशहूर हुईं चंद्रो और प्रकाशी पर आधारित फिल्म ‘सांड की आंख’ में लीड रोल में भूमि पेडनेकर और तापसी पन्नू नजर आई हैं। गांव में घर परिवार, बच्चो और पति की सेवा करने वाली तोमर खानदान की बहू चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर ने शूटर बनने का सपना देखा और अपनी 60 साल की उम्र में इस सपने को बड़ी मुश्किलों से पूरा भी किया। इनकी जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘सांड की आंख’ में चंद्रो तोमर का किरदार भूमि पेडनेकर और प्रकाशी तोमर का किरदार तापसी पन्नू ने निभाया है। महिलाओं के सपनों पर आधारित इस फिल्म में 60 साल की बड़ी औरत का किरदार निभाने के लिए भूमि और तापसी को खूब सरहना भी मिली।

7. छपाक

हमारे समाज में एसिड एक्ट के बढ़ते मामलों ने महिलाओं और लड़कियों के मन में एक भयानक डर पैदा कर दिया है। साल 2020 में भी कुछ ऐसा ही हुआ दिल्ली की लक्ष्मी नाम की लड़की के साथ, एक तरफा प्रेमी ने बीच सड़क पर उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। कई महीनों के इलाज के बाद भी लक्ष्मी का चेहरा सही नहीं हुआ। तमाम दिक्कतों के बावजूद भी लक्ष्मी ने हार नहीं मानी और खुद से प्यार किया, साथ ही एसिड पीड़ित महिलाओं के लिए अपना हाथ बढ़ाया और उनकी जिंदगी सवारने का काम कर रही हैं। इसी लक्ष्मी पर आधारित फिल्म ‘छपाक’ कुछ समय पहले रिलीज हुई थी। इस फिल्म में लीड रोल निभाने वाली दीपिका पादुकोण ने लक्ष्मी का किरदार बखूबी निभाया है।

8. गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल

जब बात महिला बहादुरी की आती है, तो गुंजन सक्सेना का नाम भी जुबां पर आता है। गुंजन एक ऐसी महिला थीं, जिन्होंने साल 1999 में कारगिल वॉर के दौरान महज 19 साल की उम्र में 18,000 फुट की ऊंचाई पर ‘चिता हेलीकॉप्टर’ उड़ाया और भारतीय सैनिकों की मदद कर हमेशा के लिए अपना नाम भारतीय शौर्य की किताब में दर्ज करवा लिया हैं। खास बात यह थी कि उस समय भारतीय सेना में महिला अधिकारीयों का ज्यादा वर्चस्व नहीं हुआ करता था। गुंजन सक्सेना की बहादुरी पर आधारित फिल्म ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म में लीड रोल निभाने वाली एक्ट्रेस जहान्वी कपूर ने गुंजन सक्सेना का किरदार शानदार तरीके से निभाया है।

और पढ़े:  तेलंगाना में महिलाओं को मिला तोहफा, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कर्मचारियों को मिलेगी छुट्टी!

9. बैंडिट क्वीन

भारतीय डकैत फूलन देवी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ भले ही अपने न्यूड सीन्स को लेकर विवादों में रही हो लेकिन सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म में एक महिला का दर्द दर्शाया गया है। फूलन देवी ने डकैत होते हुए लगभग 22 ठाकुरों को लाइन में खड़ा कर दिया और उन्हें गोलियों से भून दिया था, कहा जाता है इन्हीं ठाकुरों ने फूलन देवी को 18 साल की उम्र में किडनैप किया और बेहमई गांव में ले जाकर तीन हफ्ते तक गैंगरेप किया। किसी तरह फूलन देवी उन ठाकुरों के चंगुल से बच निकली और फिर उन्होंने अपना बदला लिया। इस फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ में एक्ट्रेस सीमा बिस्वास ने फूलन देवी का किरदार निभाया है। इस किरदार के लिए सीमा को बेस्ट फीचर फिल्म के नेशनल अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था।

10. शकुन्‍तला देवी

महिलाएं बहादुरी के साथ-साथ अपने तेज दीमक के लिए भी बखूबी जानी जाती हैं। ऐसी ही एक फिल्म आई थी ‘शकुंतला देवी’ जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। इस फिल्म में ह्यूमन कंप्यूटर के नाम से जानी जाने वाली शकुन्‍तला देवी के जीवन पर आधरित कहानी दिखाई गई है। शकुन्‍तला देवी फेमस गणितज्ञ हैं जिन्हें अपनी कैलकुलेशन की काबिलियत के चलते ह्यूमन कंप्यूटर के नाम से जाना जाता है। उस दौर में शकुन्‍तला देवी गणित के बड़े-बड़े सवाल मिनटों में जुबानी सॉल्व कर देती थीं। वहीं, इस मशहूर गणितज्ञ के जीवन पर आधारित फिल्म ‘शकुंतला देवी’ आई। इस फिल्म में शकुंतला का किरदार विद्या बालन ने निभाया है।

आज हमारे देश में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। थल से लेकर जल तक आज महिलाओं का बोलबाला है, ऐसे में इस महिला दिवस पर अपने बच्चों के साथ ये फिल्में जरूर देखें और अपनी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। हम आप सभी को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।