प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने की अपने ही पति और सास की हत्या, बॉडी के टुकड़े कर फ्रिज में छुपाया!

श्रद्धा वालकर, निक्की यादव मर्डर जैसी घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इस बीच असम के गुवाहाटी के नूनमाटी इलाके में एक महिला की हैवानियत का मामला सामने आया है। इस महिला ने अपने ही पति और सास की हत्या कर उनके शव के टुकड़े-टुकड़े कर फ्रिज में छुपा दिया। करीब सात महीने बाद इस हत्याकांड का खुलासा हुआ है। इस खौफनाक वारदात को आरोपी महिला और उसके प्रेमी ने मिलकर अंजाम दिया है।

और पढ़े: निक्की यादव मर्डर के बाद NCW अध्यक्ष रेखा शर्मा ने की कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग!

प्रेमी के साथ मिलकर पति और सास की कर दी हत्या

बता दें, आरोपी महिला का नाम बंदना कलिता है, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति अमरज्योति डे और सास शंकरी डे की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, हत्या की साजिश में अरूप डेका और धंति डेका नामक दो और लोग भी शामिल थे। इस मामले में पुलिस ने बताया कि, अपने पति अमरज्योति डे और सास शंकरी डे की हत्या करने के तीन दिन बाद बंदना और उसका प्रेमी शरीर के अंगों को गुवाहाटी से करीब 150 किलोमीटर दूर पड़ोसी मेघालय के चेरापूंजी ले गए थे। इसके अलावा पुलिस ने यह भी बताया कि, बंदना कलिता ने अमरज्योति डे और शंकरी डे की हत्या की और फिर शवों के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके बाद उन्होंने शरीर के अंगों को फ्रिज में रख दिया।

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

अमरज्योति डे और शंकरी डे के शरीर के टुकड़ों को ढूढ़ने के लिए पुलिस दल बंदना कलिता के साथ मेघालय के चेरापूंजी में घटनास्थल पर पहुंची, जहां उसने और उसके प्रेमी ने मां और उसके बेटे के शरीर के अंगों को फेका था। वहीं बंदना कलिता ने पुलिस के सामने कबूला है कि उसने 17 अगस्त 2022 को अपने दो दोस्त अरूप डेका और धंति डेका की मदद से अपने पति और सास की हत्या कर दी थी।

नूनमाटी पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनसे पूछताछ लगातार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, बंदना कलिता के पड़ोसियों ने इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने उन्हें अपने घर की छत पर फर्नीचर जलाते हुए देखा था। इस दौरान बंदना के साथ दो लोग अरूप डेका और धंति डेका भी शामिल थे। इस असम हत्याकांड मामले में पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।

और पढ़े: Aftab Poonawalla Confesses Killing Shraddha Walker During Polygraph Test, Shows No Remorse

इससे पहले भी हुई ऐसी घटनाएं

गौरतलब है कि, असम का यह मामला पिछले साल राजधानी दिल्ली में श्रद्धा वालकर की उनके ही प्रेमी आफताब पूनावाला द्वारा की गई बेरहमी की हत्या जैसी ही है। आरोपी आफताब पूनावाला ने श्रद्धा के शरीर को भी काट कर फ्रिज में रख दिया गया था। वहीं हाल ही में, एक निक्की यादव नाम की महिला के प्रेमी साहिल गहलोत ने भी उसे मार डाला था। साहिल ने भी निक्की को मारने के बाद उसके शरीर को दिल्ली में अपने ही रेस्तरां में एक फ्रिज के अंदर रखा गया था।

देश में हो रही ऐसी घटनाओं से देश स्तब्ध हो चूका है और अबतक इस घटनाओं को पचा नहीं पा रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की सक्रियता पर बड़ा सवाल उठाया जा रहा है।